रिपोर्ट- बिकास कुमार
बालश्रम उन्मूलन के प्रति जीविका कर्मियों ने लिया संकल्प
सहरसा :- विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर जीविका जिला कार्यालय में विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक अमित कुमार ने की । इस अवसर पर जीविका कार्यालय में कार्यरत सभी कर्मियों ने बालश्रम उन्मूलन का संकल्प लिया ।सभी कर्मियों ने शपथ ली कि वे न तो स्वयं बालश्रम का समर्थन करेंगे और न ही किसी भी रूप में 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कार्य कराएंगे । व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में यह सुनिश्चित करेंगे कि बालश्रम को पूरी तरह समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि बालश्रम न केवल बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि उनके भविष्य को भी अंधकारमय बना देता है । उन्होंने कहा कि हमें समाज में जागरूकता फैलाकर और ठोस कदम उठाकर इस समस्या को जड़ से समाप्त करना होगा।इस अवसर पर प्रबंधक सुनील कुमार, सुधा दास, राकेश रंजन, कुंदन चौधरी, प्रवीण चौधरी, विक्रमादित्य चौधरी, आशीष कुमार, पवन, निशिकांत, और साकेत सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे । सभी ने एकजुट होकर बालश्रम के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान किया ।
कार्यक्रम का समापन बालश्रम के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हुआ । यह कार्यक्रम न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में बालश्रम के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने का संदेश भी दिया ।




