रिपोर्ट- बिकास कुमार!
सहरसा :- सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है. पुलिस ने सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के जम्हारा निवासी कुख्यात अपराधी नीलसागर को गिरफ्तार किया है। नीलसागर उर्फ लिलसागर यादव पिता-जुलुम यादव उर्फ जुल्मी यादव पर 50 हजार का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
दरअसल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसपी हिमांशु ने बताया कि सोनवर्षा राज पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार ईनामी कुख्यात नील सागर उर्फ लीलसागर बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है।
प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नील सागर पर जिले के लगभग सभी थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण जैसे कई संगीन मामलों में केस दर्ज हैं। वह वर्षों से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी था। एसपी ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया गया है और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस नील सागर से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी छानबीन कर रही है।




