जहानाबाद लूटकांड का 36 घंटे में उद्भेदन, एक गिरफ्तार; लूटे गए ट्रैक्टर व सामान बरामद!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।


जहानाबाद जिले में बिजली के कार्य से जुड़ी एक बड़ी लूटकांड का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इस लूटकांड में शामिल गया जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही लूटा गया एक ट्रैक्टर, दो मोटरसाइकिल, एक टेंपो और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।
घटना 4 जून की रात की है जब जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के एरकी बाईपास के पास स्थित मां इनफाटेक कंपनी के बिजली स्टोर कैंप में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया था। अपराधियों ने वहां मौजूद मजदूरों को बंधक बना लिया और वहां से बिजली के कई कीमती सामानों के साथ दो ट्रैक्टर लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया। एसपी के निर्देश पर एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया। तकनीकी जांच और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस को सूचना मिली कि गया जिले के सरवहद बाजार निवासी विरू कुमार इस घटना में शामिल है।
गया पुलिस के सहयोग से की गई छापेमारी में विरू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके घर से लूटा गया एक ट्रैक्टर, दो बाइक, एक टेंपो तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस की मानें तो इस घटना में कई और लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है।
एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है कि लूट की घटना आपसी रंजिश का नतीजा थी या पूरी तरह से आर्थिक लाभ के लिए की गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना में शामिल अधिकतर अपराधी गया जिले के ही रहने वाले हैं।

Join us on:

Leave a Comment

और पढ़ें