कोर्ट से फरार हुए पांच कुख्यात कैदी,एक फरार कैदी को सुरक्षा कर्मियों ने दबोचा!

SHARE:

रिपोर्ट- अरविंद कुमार

समस्तीपुर कोर्ट कैंपस परिसर से बुधवार को पेशी के दौरान पांच कैदी फरार हो गये। इनमें से एक कैदी को काफी मशक्कत के बाद दबोच लिया गया, वहीं चार अन्य कैदी फरार होने में कामयाब हो गये। फरार कैदी में नगर थाना क्षेत्र में बीते वर्ष हुए बहुचर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का आरोपी राज नंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर भी शामिल है। वहीं अन्य फरार कैदियों में सरायरंजन थाने में आधे दर्जन लूटकांड समेत अन्य मामलों में आरोपी शामिल है। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कैदियों को कोर्ट में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी, तभी कोर्ट कैंपस परिसर में सिपाही से हाथ छुड़ाकर कुल पांच कैदी भागने लगे। हालांकि तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कैदी नागेंद्र कुमार को मौके पर ही दबोच लिया। वह भी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाकी चार कैदी पुलिस की पकड़ से बाहर निकल गये। फरार हुए अन्य तीन कैदियों की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र में लूटकांड समेत आधा दर्जन मामलों में आरोपी कैदी अरविंद सहनी, मनीष कुमार और मंजीत कुमार के रूप में की गई है। फरारी की इस बड़ी घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गये हैं। सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। वहीं यह सवाल भी उठने लगा है कि कोर्ट परिसर जैसी सुरक्षित जगह से कैदी कैसे फरार हो गये।

Join us on:

Leave a Comment