रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
– मधुबनी जिले से लगने वाली इंडो नेपाल बॉर्डर पर मुस्तैद 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने सीमा चौकी कमला द्वारा 01:56 बजे नेपाल से भारतीय क्षेत्र में हो रही शराब तस्करी को विफल करते हुए भारी मात्रा में नेपाल निर्मित शराब जब्त की है तथा एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 271/W-1 से लगभग 500 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में की गई। जवान रात्रि नाका ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उन्होंने नेपाल की ओर से आ रही चार मोटरसाइकिलों पर लदी शराब की खेप को रोका। कार्रवाई के दौरान गौरव सोफी ब्रांड की 60 बॉक्स नेपाली शराब (प्रत्येक बॉक्स में 30 बोतल, कुल 1800 बोतलें (540 लीटर) जब्त की गई। वही एक तस्कर अनिल कुमार दास, पिता दुखी दास, 24 वर्ष, गांव इनारावा, कचहरी टोल, वार्ड 7, जयनगर, जिला मधुबनी, बिहार को गिरफ्तार किया गया है। शेष तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर मोटरसाइकिलों और शराब को छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया।
जब्त शराब, गिरफ्तार तस्कर एवं बरामद मोटरसाइकिल को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित थाना जयनगर को सौंप दिया गया है।
कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी, 48 वीं वाहिनी, ने जवानों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु सशस्त्र सीमा बल पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




