रिपोर्ट- विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
खगड़िया में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापना का सपना अब साकार होने जा रहा है। मंगलवार को बिहार कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 16 जनवरी 2025 को की गई इस घोषणा को मंजूरी मिल गई। कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद खगड़िया में जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हर्ष का माहौल देखा गया।
जदयू जिला अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने इस ऐतिहासिक निर्णय पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कैबिनेट के अन्य सदस्यों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से खगड़िया की चिर-प्रतीक्षित मांग पूरी होगी। अब छात्रों को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने इस निर्णय को खगड़िया के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति आएगी। जिला उपाध्यक्ष राजकुमार फोगला और उमेश सिंह पटेल ने इसे खगड़िया के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम कहा।
जदयू नेत्री अनुराधा कुमारी, जिला महासचिव राजीव रंजन, मनोज कुमार सिंह, छात्र जिला अध्यक्ष सिद्धांत सिंह छोटू समेत दर्जनों नेताओं ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।
जिले में पार्टी कार्यालय पर जदयू नेताओं ने अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस फैसले से खगड़िया में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा।