तेजस्वी यादव ने पथ निर्माण मंत्री रहते किया बड़ा घोटाला,विजय सिन्हा ने दिये जाँच के आदेश!

SHARE:

रिपोर्ट- अमित कुमार!

पटना में सियासी संग्राम – डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का तेजस्वी यादव पर बड़ा आरोप, विपक्ष का पलटवार

आज पटना में बिहार की सियासत गरमा गई, जब उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच जमकर सियासी तकरार हुई। डिप्टी सीएम ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए, वहीं तेजस्वी ने भी पलटवार करते हुए उन्हें ‘पराजय सिन्हा’ कहकर तंज कसा।

पटना में आज बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें भ्रामक और निराधार आरोप लगाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पास न तो तर्क हैं और न ही तथ्य, और उनकी सोच सामंती है। सिन्हा ने संविधान के ‘गौरव वर्ष’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अब राजा जन्म से नहीं बल्कि जनता के सेवक के रूप में चुना जाएगा।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जब तेजस्वी यादव पथ निर्माण मंत्री थे, उस समय विभाग में 26 करोड़ 16 लाख रुपये का अवैध भुगतान किया गया था। उन्होंने कहा कि इस मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, आगामी केंद्रीय बजट को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस बजट को बिहार के विकास के लिए ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि इसमें गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। ‘पूर्वोदय योजना’ के तहत बिहार की सड़क अवसंरचना के लिए केंद्र सरकार ने 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक व्यय की घोषणाएं की हैं, जिसमें पटना-पूर्णिया, बक्सर-भागलपुर और बोधगया-वैशाली एक्सप्रेस-वे शामिल हैं।

इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी पलटवार किया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को ‘पराजय सिन्हा’ कहते हुए आरोप लगाया कि उन्हें न तो सम्राट चौधरी और न ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोई महत्व देते हैं। तेजस्वी ने सिन्हा को अज्ञानी बताते हुए कहा कि उनके बयान का कोई मतलब नहीं है।

बिहार की राजनीति में बयानबाजी का यह दौर जारी है, और आने वाले दिनों में इस पर और भी प्रतिक्रियाएं आ सकती हैं। अब देखना यह होगा कि इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच कौन से नए मोड़ सामने आते हैं। खबर पर हमारी नजर बनी रहेगी।

Join us on:

Leave a Comment