धीरज शर्मा की रिपोर्ट

भागलपुर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर घाट के निकट चांदन नदी में डूब कर जगदीशपुर अंचल कार्यालय में गार्ड के रूप में कार्यरत होमगार्ड सिपाही की मौत हो गई। मृतक गार्ड की पहचान सजौर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी स्वर्गीय गिरीश सिंह के 56 वर्षीय पुत्र परमानंद सिंह के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि मृतक जगदीशपुर अंचल से ड्यूटी कर चांदन नदी पार कर अपने घर हाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में वह डूब गए। इस दौरान अन्य राहगीरों ने डूबते देखा तो स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें बचाने का कोशिश किया लेकिन तब तक वह पानी में समा चुके थे। लोगों ने उन्हें नदी से निकाल कर आनन-फानन में जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। बता दें कि मृतक अपने पीछे पत्नी सहित एक पुत्र एवं दो पुत्री छोड़ गए हैं। गार्ड के मौत के बाद उनकी पत्नी बिना रानी पुत्र, पुत्री सहित पूरे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।




