रिपोर्ट- अमित कुमार!
आज पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराध को संरक्षण देने वाले लोग ही बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। सम्राट चौधरी ने लालू यादव पर राजनीतिक इतिहास का हवाला देते हुए उन्हें बिहार के भ्रष्टाचार और अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराया।
पटना में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष, विशेषकर लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर सख्त टिप्पणियां कीं। सम्राट चौधरी ने कहा कि विपक्ष के नेताओं का इतिहास बिहार में अपराध और अराजकता का समर्थन करने का रहा है। उन्होंने लालू प्रसाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि लालू जी का मतलब ही गुंडागर्दी और दूसरों के काम का क्रेडिट लेना है।
सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वे 1995 में लालू प्रसाद यादव के अत्याचार के खिलाफ राजनीति में आए और उनके खिलाफ संघर्ष कर जीत हासिल की। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार ने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ लंबे संघर्ष में कई कठिनाइयों का सामना किया है और वे हजारों लाठियों का दर्द सहकर भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने यह भी जोड़ा कि लालू यादव केवल अपने परिवार को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं और उनका भ्रष्टाचार से गहरा नाता है।




