रिपोर्ट- अमित कुमार
: पटना मेट्रो टनल हादसे में दो मजदूरों की मौत, छह घायल; हादसे के कारणों की जांच जारी
एंकर: राजधानी पटना में एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। सोमवार देर रात पटना मेट्रो टनल के निर्माण के दौरान लोको मशीन का ब्रेक फेल हो जाने से हादसा हुआ, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई है। इस हादसे में छह अन्य मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज पटना के पीएमसीएच अस्पताल में चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारी राहत कार्य में जुटे हुए हैं और घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
खबर: पटना के अशोक राजपथ क्षेत्र में स्थित एनआईटी मोड़ के पास निर्माणाधीन मेट्रो टनल में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। सूत्रों के अनुसार, टनल के अंदर सामान ले जा रही लोको मशीन का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिससे टनल में काम कर रहे कई मजदूर दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना के समय टनल में लगभग 25 मजदूर मौजूद थे, जिनमें से आठ फंस गए थे। जिलाधिकारी के अनुसार, प्रशासन की राहत और बचाव टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से छह को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय एसपी राजीव मिश्रा ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई है, और छह मजदूर घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में से एक की पहचान श्यामबाबू के रूप में हुई है, जो उड़ीसा का निवासी था और लोको पायलट का कार्य कर रहा था।
प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के बाद से राहत कार्यों में तेजी लाई गई है, और घटना की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। मेट्रो प्रोजेक्ट और जिला प्रशासन के अधिकारी दुर्घटना के कारणों का विश्लेषण कर रहे हैं, और विधि सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




