रिपोर्ट- अमित कुमार!
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा छठ महापर्व में दूसरे राज्यों से बिहार लौटने वाले यात्रियों और मजदूरों की सुविधा के लिए पटना जंक्शन समेत पांच स्थानों पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अस्थाई काउंटर लगाए गए हैं। इन काउंटरों का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने किया। अब यात्री कुछ ही मिनटों में अपना आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर सकेंगे।
पटना, 26 अक्टूबर 2024: बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए पटना जंक्शन पर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विशेष काउंटर की शुरुआत की है। दूसरे राज्यों से लौट रहे यात्रियों, विशेषकर मजदूरों, के लिए यह काउंटर अस्थाई रूप से 08 नवंबर तक संचालित रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने पटना जंक्शन पर इस काउंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन लाभार्थियों को तत्काल आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना है जो अभी तक इसे बनवाने में असमर्थ रहे हैं। इसके अतिरिक्त, पटना में राजेंद्र नगर, पाटलिपुत्र, बैरिया बस स्टैंड और दानापुर रेलवे स्टेशन पर भी ऐसे ही काउंटर लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही यह सुविधा मिल सके।




