:- न्यूज़ डेस्क!
जयप्रकाश नारायण का जीवन संघर्ष, त्याग और सेवा का प्रतीक: सतीश चंद्र दुबे
कोयला और खनन क्षेत्रों में पारदर्शिता और विकास के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास: सतीश चंद्र दुबे
केंद्रीय कोयला और खनन राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर श्री दुबे ने कहा, “जयप्रकाश नारायण जी का जीवन संघर्ष, त्याग और सेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने भ्रष्टाचार, अन्याय और असमानता के खिलाफ आवाज उठाई और ‘सम्पूर्ण क्रांति’ का नारा दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। उनकी क्रांति न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में थी।”
श्री दुबे ने कहा, “जयप्रकाश नारायण जी ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का संदेश पहुँचाने का काम किया। उनकी सोच थी कि हर व्यक्ति को समान अधिकार और अवसर मिले। आज हमारी सरकार उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कोयला और खनन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास के माध्यम से हम ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में भी समृद्धि लाने का कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “देश को एक सशक्त और भ्रष्टाचार मुक्त लोकतंत्र देने के लिए जयप्रकाश नारायण जी के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उनकी विचारधारा से प्रेरित होकर हम अपने मंत्रालय के अंतर्गत काम कर रहे क्षेत्रों में पारदर्शिता, विकास और जनहित के कार्यों को बढ़ावा दे रहे हैं।”
इस अवसर पर श्री दुबे ने सभी नागरिकों से जयप्रकाश नारायण जी के आदर्शों को अपनाने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने की अपील की।




