रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना के दानापुर क्षेत्र के शाहपुर थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। जमसौत मुसहरी में छापेमारी के दौरान एक महादलित युवक के दोनों पैर तोड़ने और पांच हजार रुपये लेकर छोड़ने का मामला सामने आया है। घटना 6 अक्टूबर की सुबह की है। पीड़ित राजवंशी मांझी का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिसके बाद घूस लेकर उसे छोड़ा गया। पीड़ित और उसकी पत्नी ने पुलिस अधिकारियों से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
पटना के दानापुर क्षेत्र के शाहपुर थाना पुलिस पर एक महादलित युवक को बेरहमी से पीटने और दोनों पैर तोड़ने के बाद पांच हजार रुपये घूस लेकर छोड़ने का आरोप लगा है। यह घटना 6 अक्टूबर की सुबह की है, जब राजवंशी मांझी, निवासी जमसौत मुसहरी, शौच के लिए खेत की ओर गया था।
पीड़ित के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे वह खेत से लौटते समय पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा और इस दौरान नाले में गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर लाठियों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। राजवंशी की पत्नी, कंचन देवी, ने बताया कि पुलिस ने पहले 10 हजार रुपये की मांग की, लेकिन अंत में पांच हजार रुपये लेकर उसके पति को छोड़ दिया।
घटना के बाद राजवंशी ने एएसपी से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, समाजसेवी पद्मश्री सुधा वर्गीज ने बुधवार को पीड़ित से मुलाकात की और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एएसपी दिक्षा भावरे ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला संज्ञान में आया है और जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




