रिपोर्ट- अमित कुमार!
बड़ी खबर बिहार की राजधानी पटना से आ रही है जहां पाटलिपुत्र की सांसद मिसा भारती ने आज बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और राज्य सरकार की बाढ़ राहत व्यवस्था पर सवाल उठाए। दौरे के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में सरकार का ध्यान नहीं गया है। उन्होंने इस मुद्दे पर तीखा बयान देते हुए कहा कि सरकार मौन है और बिहार की जनता को असहाय छोड़ दिया गया है। आइए जानते हैं पूरी खबर…
पाटलिपुत्र की सांसद मिसा भारती आज बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकलीं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ कई बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरे के बाद शाम को वह पूर्णिया भी जाएंगी, जहां वे बाढ़ राहत कार्यों की स्थिति का निरीक्षण करेंगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए मिसा भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य सरकार की बाढ़ राहत तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि बिहार के लोगों को बाढ़ में राहत देने का काम पूरा किया गया होगा, क्योंकि मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के अधिकारी इस पर काम करने का दावा कर रहे हैं।”
हालांकि, मिसा भारती ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “जब मेरे क्षेत्र मनेर के दियारा इलाके में बाढ़ जैसे हालात हुए, तो मुख्यमंत्री और उनके अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। आखिर क्यों?”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में हालात लगातार खराब हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर मौन है। उनके इस दौरे और बयान से सियासी गलियारों में हलचल मच गई है।




