रिपोर्ट- अमित कुमार!
लालू के शासन पर निशाना, बाढ़ की स्थिति पर आश्वासन: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद यादव के ट्वीट पर करारा जवाब देते हुए उनके शासन की आलोचना की है। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ और ‘मेक इन इंडिया’ के लिए विशेष सराहना की। बाढ़ की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने सरकार की तैयारियों का भी आश्वासन दिया। आइए जानते हैं पूरी खबर…
पटना से भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लालू प्रसाद यादव के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा, “यह लोकतंत्र है, और इसमें अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन लालू जी को याद करना चाहिए कि उनके 15 साल के शासन में कोई व्यवस्था नहीं थी। आईएएस अधिकारियों की पत्नियां तक सुरक्षित नहीं थीं। ऐसे में, उन्हें अब बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।”
सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा, “हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को विशेष धन्यवाद देना चाहते हैं, जिन्होंने ‘मन की बात’ के माध्यम से लगातार 10 वर्षों से दुनिया को भारत से जोड़ा है। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘लोकल को वोकल’ बनाने का सपना पूरा किया और भारत की विरासत को दुनिया से जोड़ा। इन सभी उपलब्धियों के लिए हम प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।”
बिहार में बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा, “आज सुबह की जानकारी के अनुसार, नेपाल से आने वाला पानी घट रहा है। लेकिन फिर भी सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ सभी तटबंधों की निगरानी कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगातार समीक्षा हो रही है, और रातभर पेट्रोलिंग की जा रही है। सभी बांधों पर पेट्रोलिंग जारी है, और आम लोगों से आग्रह किया गया है कि वे बांध के अंदर आ जाएं, ताकि किसी तरह का खतरा न हो।”
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “जब राज्य में बाढ़ जैसी स्थिति है, तब भी नेता प्रतिपक्ष विदेश में हैं। वह तो हमेशा घूमने के लिए विदेश ही जाते हैं।”




