रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना में भाजपा की तिरंगा यात्रा संपन्न: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिनहा ने खुली जीप से किया नेतृत्व, हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया भाग
पटना में 13 अगस्त को भाजपा द्वारा आयोजित मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई गई, और यह यात्रा पटना शहर में भ्रमण करते हुए सप्तमूर्ति शहीद स्मारक पर जाकर संपन्न हुई।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिनहा ने की, जिन्होंने खुद खुली जीप पर सवार होकर इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपना समर्थन दिखाया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, सतीश चंद्र दुबे, रविशंकर प्रसाद, भारतेंदु मिश्रा सहित कई अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने देशभक्ति के इस उत्सव को एकजुट होकर मनाने की आवश्यकता पर बल दिया और इसे भारत के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बताया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिनहा ने इस मौके पर कहा, “यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और सम्मान का प्रतीक है। हमें हर घर में तिरंगा फहराने का संकल्प लेना चाहिए और अपने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।”
भाजपा की यह तिरंगा यात्रा पटना के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए जब सप्तमूर्ति शहीद स्मारक पहुंची, तो वहां उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर इस आयोजन का समापन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखते ही बनता था।




