पंकज कुमार जहानाबाद ।
बिहार संविदा एएनएम संघर्ष मोर्चा के राज्य कमेटी के आह्वान पर जिले में कार्यरत एएनएम कर्मियों ने अपनी 7 सूत्री मांगों के समर्थन में आज दिनांक 1.8.2024 को संध्या 6:00 बजे से हॉस्पिटल मोड़ से कारगिल चौक तक कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में एएनएम ने भाग लिया तथा सरकार विरोधी तथा अपनी मांगों के समर्थन में नारा लगाया। कैंडल मार्च के उपरांत कारगिल चौक पर एक सभा का आयोजन किया गया। नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि फेस अटेंडेंस वापस लेने, समान काम का समान वेतन देने, 4 माह से लंबित वेतन का अविलंब भुगतान करने, सेवा को नियमितीकरण करने, स्वास्थ्य केंद्रों पर शौचालय- बिजली- पानी की सुविधा बहाल करने सहित 7 सूत्री मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सभा को संबोधित करते हुए अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोपगुट जिला शाखा जहानाबाद के जिला सलाहकार राम उदय कुमार ने नीतीश सरकार पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि एक ओर जहां सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आंदोलनरत एएनएम कर्मियों से उनकी समस्या के समाधान हेतु वार्ता करना भी मुनासिब नहीं समझती है। उन्होंने सरकार के सुशासन और विकास को एक धोखा बताया। पूरे बिहार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है अपराधी बेलगाम हो गए हैं माफियाओं का राज चल रहा है इनके राज में पदाधिकारी भ्रष्टाचार में पकड़ा जाने के बावजूद भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है नीतीश कुमार पूरी तरह से थक चुके हैं, इनके राज में लूट अपराध हत्याएं रोज हो रही है उनहोंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मोर्चा के राज्य नेतृत्व से अविलंब सरकार वार्ता करे,नहीं तो पूरे बिहार के सरकारी कार्यालय को ठप कर दिया जाएगा, जिसकी सारी जवाबदेही बिहार सरकार की होगी।
सभा को संबोधित करने वालों में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, गोपगुट, जहानाबाद के जिला सचिव संजय कुमार, गायत्री कुमारी, नीरज कुमारी, पूनम कुमारी, रीना कुमारी, मधु कुमारी, सरोज कुमारी, चांदनी कुमारी, तनु लता आदि नेता शामिल हैं ।




