रिपोर्ट- अमित कुमार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा- “मुख्यमंत्री की लाचारी और असहायता के कारण बिहार में प्रशासनिक अराजकता चरम पर
आज बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा गायघाट ओवर ब्रिज के उद्घाटन में हुई घटना का मजाक उड़ाते हुए एक वीडियो साझा किया है और कई सवाल उठाए हैं।
प्रेस व्यक्तव्य में तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को ‘असहाय, अशक्त, अमान्य, अक्षम, विवश, बेबस और मजबूर’ बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मुख्यमंत्री पूरे विश्व में नहीं होगा जो बीडीओ, एसडीओ, थानेदार और संवेदक के निजी कर्मचारियों के सामने बार-बार हाथ जोड़ने और पैर पड़ने की बात करता हो।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध, बेलगाम भ्रष्टाचार, पलायन और प्रशासनिक अराजकता का मुख्य कारण यह है कि एक कर्मचारी तक मुख्यमंत्री की नहीं सुनता। उन्होंने सवाल उठाया कि अधिकारी और कर्मचारी मुख्यमंत्री की बात क्यों नहीं सुनते और उनके आदेशों का पालन क्यों नहीं करते।
उन्होंने कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री की कमजोरी और बेबसी जिम्मेदार है। ‘बिहार में वही होता है जो चंद सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने ठाना है,’ यह कहते हुए तेजस्वी यादव ने बताया कि अधिकारियों को भी पता है कि मुख्यमंत्री सिर्फ 43 सीट वाली तीसरे नंबर की पार्टी से हैं।
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश के कार्यक्रम की वीडियो साझा कर कहा कि जब शासन में इक़बाल खत्म हो जाए और शासक में आत्मविश्वास ना रहे, तब उसे सिद्धांत, जमीर और विचार किनारे रखकर ऊपर से लेकर नीचे तक पैर पड़ना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उन्हें कुर्सी की नहीं बल्कि बिहार और 14 करोड़ बिहारवासियों के वर्तमान और भविष्य की चिंता है।




