रिपोर्ट- अमित कुमार!
पूर्णिया में मृतक गोपाल यादुका के परिजनों से मिले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सीएम नीतीश पर कसा तंज, कहा- “निर्दोष को फंसाते भी हैं, दोषियों को बचाते भी हैं”
पूर्णिया
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज पूर्णिया के भवानीपुर में गोपाल यादुका के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। दो जून को गोपाल यादुका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मौके पर तेजस्वी यादव ने बताया कि उन्होंने मृतक के दोनों भाइयों से बातचीत की है और पूरे मामले की जानकारी ली है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि इस मामले में सत्ता से जुड़े लोग शामिल हैं और पुलिस की जांच दूसरी दिशा में चल रही है, जिससे पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वे बिहार विधानसभा में आवाज उठाएंगे और अलग से एसआईटी का गठन करने की मांग करेंगे।
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का कहना है कि वे ना किसी को बचाते हैं और ना ही किसी को फंसाते हैं, लेकिन वास्तव में वे निर्दोष को फंसाते और दोषियों को बचाते हैं। उन्होंने बीमा भारती के बेटे के मामले का भी जिक्र किया, जिसे जबरन फंसाया गया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब तक दोषी पकड़े नहीं जाएंगे, तब तक पीड़ित परिवार कैसे सुरक्षित रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और अपराध चरम सीमा पर है। सत्ता आती जाती रहती है, लेकिन प्रशासन के लोगों को यहीं रहना है, इसलिए उन्हें निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए।




