रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत केरवा गांव में मनोज साह हत्या कांड मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में साहरघाट थाना परिसर में प्रेसवार्ता करते हुए प्रभारी डीएसपी विप्लव कुमार ने बताया कि गुरूवार की सुबह केरवा गांव में घर से बाहर दरबाजे पर बुलाकर मनोज साह की हत्या कर दी गई थी। एसपी के निर्देश पर घटना के उदभेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन मेरे नेतृत्व में किया गया। जिसमें सर्किल इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा, साहरघाट थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया था। एसआईटी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी साहरघाट के केरवा गांव के हरिओम कुमार को जयनगर यूटर्न से गिरफ्तार किया गया। पकड़ाये अपराधी से पूछताछ में उसने घटना में संलिप्त दो अन्य लोगों का नाम भी बताया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुट गई है। डीएसपी ने आगे बताया है कि मृतक मनोज साह और पकड़े गए अपराधी हरिओम के परिवार के बीच पहले से आपसी रंजिश चल रही थी। 14 साल पहले मृतक पक्ष द्वारा इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी हरिओम के परिजन की हत्या कर दी गई थी। जिस मामले में मृतक मनोज साह 6 माह पहले ही उस हत्या कांड में सजा काट कर जेल से बाहर आये थे। आपसी रंजिश में हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्पष्ट हुई है। मामले को लेकर पुलिस आगे भी लगातार अनुसंधान कर रही है।




