नेहा कुमारी सिटी रिपोर्टर
बेगूसराय बखरी प्रखंड के श्री कृष्ण गौशाला में चल रहे विकास कार्यों को और अधिक गति देने के लिए को अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में एक आम सभा हुई। सभा में गत वित्तीय वर्ष के आय व्यय की समीक्षा की गई। अनुमंडलाधिकारी ने बताया कि बिहार की रजिस्टर्ड कुल 86 गौशालाओं में छह को अनुदान के लिए चयनित किया गया है जिसमें बखरी श्री कृष्ण गौशाला शामिल है। बखरी गौशाला को विकास मद में बिहार सरकार से 20 लाख रुपए प्राप्त हुए हैं। इस राशि के खर्च के लिए अगली बैठक में चर्चा होगी। एसडीओ ने बखरी गौशाला के निरंतर विकास के लिए सचिव कैलाश शर्मा की जमकर सराहना की। उपाध्यक्ष केदार केसरी तथा मनोज चौधरी ने बकाया लाग की वसूली के लिए और अधिक प्रयास करने की जरूरत पर बल दिया।
मनोरंजन वर्मा ने गौशाला विकास के लिए विशेष चंदा देने वाले समाजसेवियों, व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनका नाम प्रकाशित करने की मांग की। दिलीप केसरी ने किसी चार्टर्ड एकाउंटेंट से गौशाला का ऑडिट कराए जाने की मांग रखी। मनोहर केसरी ने भवन, चहारदीवारी, सड़क आदि से गौशाला को वृहत आकार देने के लिए समाजसेवी सज्जन नेमानी, सांसद गिरिराज सिंह, विधायक सूर्यकांत पासवान, पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान के प्रति आभार प्रकट किया। सभा में गौशाला परिसर में व्यायामशाला के लिए कमरा निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। इस मौके पर रामचंद्र केसरी, विजय नेमानी,लक्ष्मी साह, राजेश अग्रवाल, ललन चौरसिया, रामचंद्र सहनी, रामदयाल केसरी,राजो साह, वालेश्वर साह आदि ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए।




