रिपोर्ट- अमित कुमार!
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का संविधान बदलने पर भाजपा पर करारा हमला
पटना
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता लगातार संविधान बदलने और समाप्त करने का दावा कर रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री और उनके शीर्ष नेता इन पर कोई कार्रवाई करने की बजाय इन्हें चुनाव लड़वा रहे हैं।
लालू यादव ने कहा कि भाजपा चाहती है कि संविधान, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और गरीबों से समस्या खत्म हो जाए। वह संविधान को बदलकर इस देश से समता, स्वतंत्रता, बंधुता, सामाजिक न्याय और आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। वह लोगों को आरएसएस और पूंजीपतियों का गुलाम बनाना चाहते हैं।
लालू यादव ने कहा कि संविधान की ओर आंख उठाकर देखा तो इस देश के दलित, पिछड़े और गरीब लोग मिलकर भाजपा नेताओं की आंख निकाल लेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान को बार-बार बदलने की बात करके भाजपा क्या साबित करना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संविधान बाबा साहब अंबेडकर ने लिखा है, किसी अन्य ने नहीं।
लालू यादव ने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले देश के न्यायप्रिय, शांतिप्रिय और दलित-पिछड़े भाजपा नेताओं को उनकी औकात में ला देंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता तानाशाही लाने और संविधान को बदलने की कोशिश को कभी माफ नहीं करेगी।




