कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर। लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पार्टी प्रत्याशियों के समर्थक चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। वही कैमूर में एक मामला सामने आया है जिसमें राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी का प्रचार करते एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का वीडियो कैमूर में तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें शिक्षक द्वारा सासाराम संसदीय क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की जा रही है। बताया जा रहा है कि शिक्षक चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के स्कूल में कार्यरत है और शिक्षक संघ के नेता भी हैं। इस बाबत पूछे जाने पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। इसके लिए चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है। जांच में मामला सही पाए जाने पर शिक्षक के विरुद्ध नियम संगत कार्रवाई होगी। वही इस बारे में चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रभूषण गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक पार्टी प्रत्याशी का प्रचार करते हुए शिक्षक का वीडियो मिला है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांचोपरांत शिक्षक सेवा नियमावली के तहत कार्रवाई होगी।




