पंकज कुमार जहानाबाद।
पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में भेद्यता मानचित्रण की बैठक आयोजित कर संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जहानाबाद जिले में कुल 197 भेद्य मतदान केन्द्र, भेद्य घरों की संख्या 987, भेद्य व्यक्ति की संख्या 3677 तथा भेद्यता के कारक 1434 है। जिसमें 216-जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र में 56 भेद्य मतदान केन्द्र, 379 भेद्य घर, 1029 भेद्य व्यक्ति तथा 395 भेद्यता का कारण है, जबकि 217-घोषी विधान सभा क्षेत्र में 44 भेद्य मतदान केन्द्र, 163 भेद्य घर, 1018 भेद्य व्यक्ति एवं 518 भेद्यता का कारण है। उसी प्रकार 218-मखदुमपुर विधान सभा क्षेत्र में 97 भेद्य मतदान केन्द्र, 445 भेद्य घर, 1630 भेद्य व्यक्ति तथा 521 भेद्यता के कारण है। पुलिस अधीक्षक ने निदेश दिया कि सभी सेक्टर पदाधिकारी से भेद्यता मानचित्रण संबंधित प्रतिवेदन प्राप्त कर वी.एम.-4 (आर.ओ.) में समेकित कर प्रतिवेदन अपने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी -सह- प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी -सह- कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद/नगर पंचायत को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ हीं सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भी शीघ्र अनुश्रवण कर अपने-अपने सेक्टर पदाधिकारी से भेद्यता मानचित्रण संबंधित प्रतिवेदन प्राप्त करेंगे तथा उसे अपने-अपने सहायक निर्वाची पदाधिकारी उपलब्ध करायेंगे। बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को सेक्टर पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर भेद्यता मानचित्रण संबंधित प्रतिवेदन बनाने में सहयोग करने का निदेश पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया।




