नेहा कुमारी सिटी रिपोर्टर
बेगुसराय बखरी थाना से 15 दिसंबर को गायब दो नाबालिग लड़कियों को शुक्रवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया। दोनों गांव के शादी विवाह में नाच देखने के बहाने समस्तीपुर मेला देखने गई थी वापस आने के दौरान गलत ट्रेन में बैठकर दिल्ली चली गई थी। एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि बहोरचक मनी नदैल गांव की रहने वाली 2 नाबालिग लड़कियां 15 दिसंबर को अपने गांव के शादी विवाह में नाच देखने के बहाने समस्तीपुर मेला घुमने चली गई थी। वापस अपने घर लौटने के दौरान गलत रूट की ट्रेन में बैठकर दिल्ली चली गई। घर वापस नहीं आने पर इसकी सूचना बखरी थाना को दिया गया तो अनुसंधान शुरू किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए बखरी डीएसपी चंदन कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें बखरी थानाध्यक्ष, महिला सशस्त्र बल एवं जिला आसूचना ईकाई को शामिल किया गया। टीम द्वारा लगातार सूचना संकलन एवं सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन करते हुए जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। इसके बाद दोनों नाबालिग लड़कियों को दिल्ली स्टेशन से सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने गलत रूट की ट्रेन में बैठकर दिल्ली चले जाने की बात कही है।




