:- अंकित त्रिपाठी की रिपोर्ट
(फतुहा): पटना के फतुहा में सुबह-सुबह एक व्यक्ति की गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार व्यक्ति सुबह-सुबह स्थानीय कटैया घाट पर नहाने पहुंचा था और देखते-देखते वह गंगा के तेज धारा में बह गया और डूब गया। लोगों ने काफी बचाने की कोशिश की लेकिन वह डूबता चला गया। स्थानीय लोगो द्वारा तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई और उसके बाद एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव की खोजबीन शुरू कर दी। घंटो मशक्कत के बाद शव को पानी में से निकाला गया। मृतक की पहचान वैशाली जिले के हाजीपुर पासवान चौक निवासी बिटटु कुमार के रूप में हुईं , जो फतुहा इंडस्ट्रीयल एरिया में टाॅप लाईन पाइप कंपनी में कार्यरत था। सूचना मिलते ही फतुहा थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई और पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया।





