अविनाश श्रीवास्तव!

खबर सासाराम से है। रोहतास जिले में आए दिन ऐसी शिकायत मिलती है कि बहुत से डायग्नोस्टिक सेंटर, नर्सिंग होम तथा पैथोलॉजी जांच सेंटर बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। कोरोना काल में जब स्वास्थ्य विभाग का पूरा ध्यान मरीजों के देखरेख पर है, तो ऐसे में बहुत से पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटर बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। लेकिन अब रोहतास जिला में इस तरह के गोरखधंधे करने वालों की ज्यादा दिन तक चांदी नहीं कट सकती है।

सासाराम के सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग इसके लिए फिर से धावा दल बनाकर छापामारी करेगी और बिना लाइसेंस के फर्जी तरीके से पैथोलॉजी एवं नर्सिंग होम चलाने वालो पर कार्रवाई की जाएगी। यहां तक की एमसीआई को भी इसके लिए लिखा जाएगा। सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि एक ही डॉक्टर या पैथोलॉजिस्ट के नाम पर कई क्लीनिक एवं पैथोलॉजी जांच एक ही शहर में चल रहे हैं। जिससे कहीं न कहीं गड़बड़ी की आशंका नजर आती है। ऐसे लोगों पर भी जल्द ही शिकंजा कसा जाएगा।




