रिपोर्ट : अख्तर शफी

आरा : भोजपुर में पुलिस ने शराब के अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हाइवा गाड़ी से भारी मात्रा में स्प्रिट बरामद किया है।बताया जा रहा है कि हाइवा से बरामद स्प्रिट 4725 लीटर है। जिसे बड़हरा थाने की पुलिस ने आरा-छपरा मेन रोड पर बबुरा पुल के पास से जब्त किया है।स्प्रिट की खेप झारखंड के बोकारो से लायी जा रही थी। जिसकी छपरा में डिलीवरी होनी थी।पुलिस ने इस कार्रवाई में हाइवा के ड्राइवर और एक लाइनर को गिरफ्तार किया है , जो बड़े चालाकी से हाइवा में सड़क निर्माण सामग्री की आड़ में स्प्रिट की खेप लेकर जा रहे थे।

भोजपुर एसपी राकेश दूबे के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में बड़हरा पुलिस ने हाइवा गाड़ी में निर्माण सामग्री के नीचे रखी स्प्रिट की खेप को बरामद कर लिया।दरअसल झारखंड के बोकारो से स्प्रिट लेकर चली दो हाइवा गाड़ियों में से एक को पटना की उत्पाद विभाग की सूचना पर औरंगाबाद जिले की मदनपुर थाने की पुलिस ने मदनपुर इलाके से पकड़ लिया। जिसके बाद पकड़े गए हाइवा के ड्राइवर की निशानदेही पर मदनपुर थाने की पुलिस ने दूसरे हाइवा का पीछा किया लेकिन मदनपुर पुलिस उसे पकड़ नही सकी।मदनपुर पुलिस की सूचना पर भोजपुर की बड़हरा थाने की पुलिस ने स्प्रिट लदे हाइवा को देर रात आरा-छपरा रोड पर बबुरा पुल के पास पकड़ लिया।पकड़े गए स्प्रिट की कीमत बाजार में 20 से 25 लाख के बीच बताई जा रही है।बड़हरा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग पटना की टीम बड़हरा थाने पहुंची और जरूरी जानकारी इकट्ठा कर वापस चली गई।फिलहाल पुलिस हाइवा के साथ पकड़े गए ड्राइवर झारखंड के पतरातू थाना के पिपरी टोला निवासी शाहरुख खान और छपरा के तरैया थाना के चकिया गांव निवासी लाइनर मुन्ना यादव को गिरफ्तार किया है।वहीं बड़हरा पुलिस गिरफ्तार ड्राइवर और लाइनर को जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।




