:- अंकित त्रिपाठी की रिपोर्ट
-जय फाउंडेशन के संस्थापक नीतीश कुमार ने नाट्य कला प्रदर्शन एवं सामाजिक कार्यों द्वारा जनजातियों की कला, संस्कृति एवं उनकी परम्पराओं को संरक्षित एवं संवर्धित करने में महती भूमिका निभाई है।
(फतुहा): प्रखंड के जेठुली स्थित जय फाउंडेशन के संस्थापक नीतीश कुमार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया। जानकारी अनुसार नीतीश कुमार ने जय फाउंडेशन संस्था के माध्यम से अपनी नाट्य कला प्रदर्शन एवं सामाजिक कार्यों द्वारा जनजातियों की कला, संस्कृति एवं उनकी परम्पराओं को संरक्षित एवं संवर्धित करने में महती भूमिका निभाई है। रंगकर्मी नीतीश कुमार द्वारा वर्ष 2018 से 2022 तक जनजातीय समाज के सांस्कृतिक उत्थान हेतु निष्ठापूर्वक किये गए कार्य अत्यंत प्रसंशनीय एवं सराहनीय हैं। इसे देखते हुए ऐतिहासिक राजी पाड़हा जतरा समिति सह जिला प्रशासन रांची ने उनके इस विशिष्ट योगदान के लिए नीतीश को सम्मान देने का निर्णय लिया। जिसके फलस्वरूप राजकीय ऐतिहासिक राजी पाड़हा जतरा- 2023 के शुभ अवसर पर झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा उन्हें सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र सौपा गया। मुख्यमंत्री ने इनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रकृति पूजक सभी को बराबर का प्यार और सम्मान देते हैं। सरना धर्मगुरु बंधन तिग्गा जी ने रंगकर्मी नीतीश को जनजाति क्षेत्र में कार्य हेतु आर्शीवाद व बधाई दिए। इस मौके पर मांडर विधायक श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, रांची उपायुक्त, नेपाल सांसद, युवा नेता अजय नाथसहदेव, महासचिव विद्यासागर केरेकेट्टा व सैंकड़ों जनमानस उपस्थित रहे। वहीं फतुहा के लाल नीतीश कुमार के मिले इस सम्मान के लिए राजन पासवान, अनिल राज, कार्टूनिस्ट व पत्रकार अमरेन्द्र, रंधीर कुमार सहित दर्जनों लोगों ने बधाई और शुभकामना दिया है।




