रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
पार्सल ट्रेन के इंजन व बोगी का बंफर टूटा, बड़ा हादसा होते-होते बचा
घंटों रेल परिचालन हुआ बाधित, विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही कई ट्रेनें
आरा. दानापुर रेलमंडल के बिहिया रेलवे स्टेशन से सोमवार की सुबह गुजर रही पार्सल ट्रेन के इंजन व बोगियों का बंफर टूट जाने से एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. घटना के वक्त ट्रेन की स्पीड कम थी जिससे चालक की सूझबूझ से तत्काल हीं स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया. हालांकि इस दौरान ट्रेन की कई बोगियां प्लेटफार्म की तरफ झूक कर प्लेटफार्म से एकदम सट गयी थी. मामले को लेकर आरा-बक्सर रेलखंड पर तीन घंटों तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. इस दौरान एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं. जानकारी के अनुसार बक्सर की ओर से पटना की तरफ जा रही पार्सल ट्रेन सुबह लगभग 9 बजे बिहिया स्टेशन के प्लेटफार्म से सटे लूप लाईन से गुजर रही थी. पार्सल ट्रेन का इंजन अभी प्लेटफार्म के पूर्वी छोर तक पहुंचा हीं था कि इंजन के ठीक पीछे वाली बोगी का बंफर टूट गया. एक बोगी का बंफर टूटने के बाद उसके पीछे की तीन अन्य बोगियों का बंफर एक-दूसरे के सामने से हट गया जिससे बोगियां प्लेटफार्म की ओर झूकते हुए प्लेटफार्म से जाकर सट गयी. लूप लाईन से गुजरने के कारण ट्रेन की गति काफी धीमी थी जिससे असामान्य स्थिति की भनक लगते हीं चालक ने ट्रेन को रोक दिया जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बताया जाता है कि ट्रेन अगर मेन लाईन से तेज गति से गुजरती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में स्थानीय स्तर के रेलकर्मियों ने ट्रेन को निकालने के लिए बोगी और प्लेटफार्म के बीच गैप बनाने के उद्देश्य से प्लेटफार्म को तोड़ना शुरू कर दिया परन्तु यह संभव नहीं हो सका और ट्रेन की बोगियां प्लेटफार्म से सटी ही रहीं. घटना के लगभग दो घंटे के बाद आरा और दानापुर से विभिन्न आवश्यक उपकरणों के साथ तकनीकी विशषज्ञों की टीम पहुंची जिसमें एडीआरएम इंफ्रा अनुपम कुमार चंदन, वरीय मंडल अभियंता समन्वय सौरभ मिश्र की देखरेख में सबसे पहले इंजन को बोगी से अलग किया गया. इसके बाद क्षतिग्रस्त बंफरों की मरम्मत कर जैक की सहायता से उपर उठाकर प्लेटफार्म से निर्धारित गैप को बनाया गया तब जाकर ट्रेन की बोगियां परिचालन के योग्य हो सकीं.
तीन घंटों तक ठप रहा डाउन में ट्रेनों का परिचालन
बिहिया में पार्सल बोगी का बंफर टूटने की घटना के बाद डाउन लाइन पर तीन घंटों तक परिचालन ठप रहा. इस दौरान डाउन वाराणसी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस बिहिया स्टेशन के पश्चिमी होम सिग्नल पर, मगध एक्सप्रेस बनाही स्टेशन पर, न्यू फरक्का एक्सप्रेस रघुनाथपुर स्टेशन पर तथा अन्य कई पैसेंजर व एक्प्रेस ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही. ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्री भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान देखे गये. घटना के तीन घंटे बाद दोपहर 12 बजे से डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो पाया.
रेल ट्रैक पर उतरकर ट्रेन से उतरते व चढ़ते रहे यात्री
बिहिया स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शाम तक पार्सल वैन के खड़ी रहने के कारण बिहिया स्टेशन पर रूकने वाली ट्रेनें डाउन मेन लाईन पर आकर खड़ी होती रहीं जिससे ट्रेन में चढ़ने वाले या उतरने वाले यात्रियों को रेल ट्रैक पर उतरकर ट्रेन पकड़नी पड़ी जिससे यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा.




