रिपोर्ट अनमोल कुमार
सीएम नीतीश मिले राज्यपाल से, कुछ ही देर बाद सुशील मोदी भी पहुंचे
चर्चाओं का बाजार गर्म, मोदी ने कहा-राज्यपाल मेरे विद्यार्थी परिषद के साथी
कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज हुई
सीएम ने रखा राजभवन के कुछ हिस्सों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव
पटना. : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने राजभवन पहुंचे। इसके बाद कयास लगाया जा रहा है कि कैबिनेट का विस्तार अब होने ही वाला है। मुख्यमंत्री के वहां से निकलते ही पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी राजभवन पहुंच गये। नीतीश और मोदी के अचानक राजभवन पहुंचने की खबर मिलते ही सियासी गलियारे में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो उठा। हालांकि राज भवन से बाहर निकलते ही मोदी ने मीडियाकर्मियों से कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। इसका कोई दूसरा मतलब नहीं निकालें। राज्यपाल छात्र जीवन से ही मेरे मित्र रहे हैं। हम छात्र संगठन विद्यार्थी परिषद में एक साथ ही थे। मुख्यमंत्री ने राजभवन में राजेंद्र मंडपम का मुआयना किया। राजभवन के कुछ अन्य हिस्सों को देखा और उसके जीर्णोद्धार का प्रस्ताव मांगा। मुख्यमंत्री के साथ भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि भी राजभवन गये थे। इस मौके पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी की अनुपस्थिति गौर करने लायक है। प्रायः मुख्यमंत्री के साथ दिखने वाले भवन निर्माण मंत्री लंबे समय से मुख्यमंत्री के साथ नजर नहीं आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब से मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक तौर पर चौधरी को फटकार लगाई थी, तभी से चौधरी दुखी चल रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार करीब 30 मिनट तक राजभवन में ठहरे और मुआयना किया। राजेन्द्र मंडपम में जहां शपथग्रहण समारोह हुआ करता है,वहां बैठने की जगह कम पड़ने पर भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की।




