फतुहा थानेदार का सरपंच के साथ दुर्व्यवहार, गुस्से में धक्का देकर निकाला ऑफिस से बाहर।

SHARE:

:- अंकित त्रिपाठी की रिपोर्ट

(फतुहा): इस वक्त की एक खबर पटना से सटे फतुहा से मिल रही है, जहाँ एक थानेदार का सरपंच के साथ दुर्व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है। इस सबंध में खरभैया पंचायत के सरपंच ललेन्द्र राम चंद्रवंशी ने बताया कि बीते शुक्रवार को वो अपने पंचायत के काम से फतुहा थाना में गए थे क्योंकि उनके गांव का कुछ हिस्सा फतुहा थाना क्षेत्र में पड़ता है। उनके पंचायत के कई गाँवों में शराब चुलाने से संबंधित शिकायत भी थी, जिसको लेकर आए दिन गांव वालों के बीच मारपीट की घटना होती रहती थी। इस बात को उन्होंने थानाध्यक्ष के समक्ष बताना चाहा। इसी दरम्यान वे थानाध्यक्ष के दफ्तर में संबंधित शिकायत को बताने के लिए गए। जैसे ही वो उनके आॅफिस में घुसे, थानाध्यक्ष के बगल में पहले से बैठे एक पदाधिकारी गुस्सा हो गए और उन्हें बाहर जाने के लिए बोले। उन्होंने उस पदाधिकारी को भी बताया कि वो सरपंच है और कुछ जरूरी काम के लिए थानाध्यक्ष के पास आएं हैं। इतने में फतुहा थाना प्रभारी मुकेश कुमार मुकेश गुस्से में उठे और बोले कि हम किसी सरपंच को नहीं जानते हैं और उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद खरभैया पंचायत के सरपंच ने नाराजगी जाहिर करते हुए पटना के ग्रामीण एसपी सैयद इमरान मसूद को उक्त घटना की जानकारी दी। ग्रामीण एसपी ने उन्हें कहा कि एक लिखित शिकायत फतुहा के एसडीपीओ को दे और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस संबंध में सरपंच ने फतुहा एसडीपीओ सियाराम यादव को थानाध्यक्ष के विरूद्ध एक लिखित शिकायत की है। बताते चलें कि ललेन्द्र राम चंद्रवंशी सरपंच होने के साथ ही सरपंच संघ के अध्यक्ष भी हैं जिसके कारण तमाम सरपंचों में इस दुर्व्यवहार के विरूद्ध आक्रोश व्याप्त है।

Join us on:

Leave a Comment

और पढ़ें