जिले में पहला प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन इकाई का उदघाटन ।

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान फेज 2 के तहत हुलासगंज प्रखंड में जिले का पहला प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पांडेय द्वारा फीता काटकर किया गया ।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जहानाबाद जिले में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का स्थापना एवं संचालन किया जाना स्वच्छता के स्थायित्व की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है । अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान द्वितीय चरण में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन एक मुख्य अवयव है । ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक अपशिष्ट को कम करने तथा इसके समुचित निपटान के लिए विविध विधियों , अधोसंरचना निर्माण एवं प्रक्रिया की जानी है, जिसके अंतर्गत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन का तात्पर्य पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित तरीके से प्लास्टिक कचरे का एकत्रण, भंडारण, ढुलाई, निपटान किया जाना है ।
मौके पर उप विकास आयुक्त परितोष कुमार ने बताया कि हुलासगंज की सभी 9 पंचायतों में 10 जून तक अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का निर्माण कार्य पूर्ण करते हुए उसे संचालित किया जायेगा और वहां पर सभी प्रकार के अपशिष्ट का संग्रहण करते हुए उसका फॉरवर्ड लिंकेज प्रखंड में स्थापित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई से किया जायेगा । इसके लिए जो भी अपशिष्ट /कचरा पंचायत वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट से प्रखंड प्लास्टिक यूनिट तक आएगा उसके लिए विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट की एक निर्धारित दर से राशि पंचायतों को दी जायेगा । इससे पंचायतों में राजस्व की प्राप्ति होगी और इस राजस्व का उपयोग वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट को और बेहतर ढंग से संचालन करने में किया जा सकता है । उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्लास्टिक , आम जन जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है, खासकर सिंगल यूज प्लास्टिक की खपत हाल के वर्षों में उत्तरोत्तर वृद्धि परिलक्षित हुई है ।
इस कारण प्लास्टिक अपशिष्टों का स्थानीय स्तर पर विकेंद्रीकृत तरीके से प्रबंधन किया जाना आवश्यक है। इसके लिए समुदाय को प्लास्टिक अपशिष्ट से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक होना होगा ।
कार्यक्रम में उपस्थित पिंकु कुमार जिला सलाहकार ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के द्वारा बताया गया कि प्राथमिक रूप से घरेलू स्तर पर प्लास्टिक को कम करने तथा इसके पर्यावरण अनुकूल तरीके से प्रबंधन हेतु 4 आर ( रिफ्यूज, रिड्यूज, रीयूज, रीसाइकल ) महत्पूर्ण है, जिसके लिए समुदाय को जागरूक किया जाना है ताकि प्लास्टिक अपशिष्ट की मात्रा में कमी लाया जा सके ।
रीसाइकल हेतु व्यक्तिगत, सामुदायिक एवं संस्थागत स्तर पर प्रयास किया जाना अति आवश्यक है । उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत , प्रखंड एवं जिले के सभी हितधारकों द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए प्लास्टिक मुक्त अभियान करने की आवश्यकता है । प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रति जन जागरूकता, स्कूली बच्चे , शिक्षक, आशा , आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जीविका दीदियों एवं समुदाय के प्रभावशाली लोगों ,संबधित विभाग एवं संगठनों का सहयोग प्राप्त किया जाना तथा विभिन्न प्रकार के जन जागरूकता गतिविधि किया जाना अनिवार्य है तभी सम्पूर्ण स्वच्छता की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
साथ ही दस लाभार्थियों के बीच अभियान बसेरा के तहत हुलासगंज अंचल के कोकरसा मौजा/गांव के आवास के भूमि बंदोबस्ती का पर्चा बांटा गया।

उक्त अवसर पर जिला पदाधिकारी के साथ-साथ उप विकास आयुक्त पारितोष कुमार, पिंकु कुमार जिला सलाहकार ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जिला समन्वयक माधवेन्द्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार , प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी ,प्रखंड समन्वयक झलकदेव पासवान , प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका, सभी मुखियागण सभी पंचायत पर्यवेक्षक एवं सैकड़ों ग्रामीण जनता उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment