कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
मंगलवार को जिला पदाधिकारी कैमूर सावन कुमार के द्वारा लोक शिकायत निवारण अधिनियम एवं “जनता दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम से संबंधित समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में की गई और निम्नवत दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी के द्वारा लोक शिकायत निवारण एवं “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम से संबंधित लंबित मामलों के तत्काल निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिला अंतर्गत लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के स्तर पर दिनांक एक अप्रैल 22 से 30 अप्रैल 23 तक कुल 610 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से 83 मामले अभी लंबित हैं। इसी प्रकार अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ,भभुआ के स्तर पर इसी अवधि में कुल 1679 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 108 मामले अभी लंबित हैं। अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मोहनिया के स्तर पर 1697 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 81 मामले अभी लंबित है। “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम अंतर्गत कुल प्राप्त 458 मामलों में से 230 मामले अभी लंबित है। जिला पदाधिकारी द्वारा कमिश्नर महोदय से प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त,जिला परिवहन पदाधिकारी,प्रभारी जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी-सह-अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भभुआ , अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मोहनिया,जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




