रवि शंकर शर्मा :-
अब तक आपने ऐसी कई खबरें सुनी होंगी जिसनें माता पिता को बच्चे घर से बाहर निकाल देते हैं , परंतु ये अनोखी खबर मोकामा से सामने आई है जब एक माता पिता द्वारा अपने दो बेटे बहू और पोते पोतियों को घर से बाहर निकलवा दिया गया।
मामला हाथीदह थाना के हाथीदह गाँव से सामने आई है जहाँ वार्ड नंबर ७ निवासी राम नरेश प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी मंजू देवी के द्वारा हाई कोर्ट से आदेश लाकर प्रशासन की उपस्थिति में सबको घर से बाहर करवा कर सड़क पर ला दिया गया ।

राम नरेश सिंह ने बताया की उनके बच्चे उन्हें प्रताड़ित करते हैं इसलिए ऐसा करना पड़ा , हालाँकि इस दौरान ग्रामीणो द्वारा उन्हें घंटों तक समझाने का प्रयास किया गया पर राम नरेश सिंह और उनकी पत्नी नहीं मानी , अंततः अंचलाधिकारी ज्ञानानंद हथिदह थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन , मरांची थानाध्यक्ष साकेत कुमार , घोसवरी थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार और मोकामा थाना से आई महिला पुलिस बलों ने सबको सामान समेत घर से बाहर कर दिया ।

और बाल बच्चे समेत पुत्र संजय सिंह , वरुंजय सिंह उनकी पत्नी और बच्चे एक झटके में सड़क पर आ गये ।
संजय सिंह की पत्नी और बच्चों तथा वरुणजय सिंह ने बताया की मेरे माता पिता सारी संपत्ति मेरी बहन बहनोई और भांजी को देते आये हैं और उन्हीं के कहने पर ये सब किया है ।

ग्रामीणों ने बताया की फ़ोरलेन से इन्हें काफ़ी पैसा मिला है जिसपर बहन बहनोई की नज़र है , इधर दोनों भाई के भी बाल बच्चे हैं , इसलिए अब बहन को और पैसे देने से ये रोक रहे थे जिसका परिणाम है की सारे लोग आज सड़क पर हैं ।
वहीं लोगों ने बताया कि इतने बड़े जीवन में ऐसा निष्ठुर माता पिता हम लोगों ने कभी नहीं देखा ।
इस घटना की चर्चा जंगल की आग की तरह फेल गई और एक माता पिता द्वारा ऐसी निष्ठुरता पर लोग दांतों तले उँगली दबाने को विवश हो गये ।





