रिपोर्ट अनमोल कुमार
निलंबन पर स्पीकर चौधरी पर विपक्ष के साथ भेदभाव बरतने का आरोप
राजद के लोग दलित को अपमानित करना अपना हक समझते हैं
पटना : बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को माइक तोड़ने को लेकर भाजपा विधायक लखींद्र पासवान को सदन से दो दिन के निलंबित किए जाने पर भाजपा भड़क गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर इसे विधानसभा के इतिहास में काला दिन बताया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी पर विपक्ष के साथ भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि पासवान जाति के विधायक को सत्ता पक्ष के एक विधायक द्वारा सदन में गाली दी गई। लखींद्र पासवान को अनुसूचित जाति से होने के कारण विधानसभा से दो दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। डा. जायसवाल ने कहा कि पासवान आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका की बात कर रहे थे। उनके मानदेय बढ़ाने को लेकर सरकार से प्रश्न कर रहे थे। इस दौरान सत्ता पक्ष के एक विधायक ने पासवान को गाली दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने गाली देने वाले विधायक पर इसलिए कार्रवाई नहीं की क्योंकि जिस दल से वे आते हैं, उस दल में उनकी ही जाति का वर्चस्व है। डा. जायसवाल ने दावा करते हुए कहा कि राजद को शुरू से ही दलित से घृणा है। इस कारण ये लोग दलित को अपमानित करना अपना हक समझते हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अब तो राजद के नेता तक भी सुरक्षित नहीं है। सारण में मंगलवार राजद नेता का अपहरण हो गया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश प्रवक्ता, अखिलेश सिंह, अरविंद सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिंह, राजू झा और अशोक भट्ट उपस्थित थे।




