पंकज कुमार जहानाबाद।
जहानाबाद जिला अंतर्गत मखदुमपुर प्रखंड के सरथुआ ग्राम में तरेत पाली के मठाधीश श्री श्री 1008 श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज के तत्वावधान में भगवान शिव तथा देवी प्राण प्रतिष्ठा सह भागवत कथा यज्ञ का अनुष्ठान दिनांक 06 फरवरी 2023 से विद्वान संतो के द्वारा प्रारंभ हुआ , जो कि 12 फरवरी 2023 तक चलेगा। यज्ञ की व्यवस्था से जुड़े विवेक मोहन ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय लोगों की उत्साह व श्रद्धा पूर्ण भागीदारी देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अनुष्ठान के पहले दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरी शुचिता के साथ कलश यात्रा निकाली और सरथुआ -मांदिल रोड में दरधा नदी से जलभरी का कार्यक्रम संपन्न किया। कलश यात्रा में काफी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा पूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि अनुष्ठान के दरम्यान श्रद्धालुओं को प्रतिदिन स्वामी रंगनाथ जी महाराज के मुखारविंद से भागवत कथा श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।





