पंकज कुमार जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री दीपक रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में सरस्वती पूजा के आयोजन और मूर्ति विसर्जन में विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु ग्राम प्लेक्स भवन में विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई ।
इस वर्ष 26 जनवरी 2023 को सरस्वती पूजा मनाया जाना है। उक्त अवसर पर विद्यालय /शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है। इस अवसर पर विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु 26 जनवरी 2023 के पूर्वाहन से शांतिपूर्ण मूर्ति विसर्जन तक के लिए
दंडधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 105 स्थानों पर की गई है तथा जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र में शिफ्टवार गश्ती दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना अनुमंडल कार्यालय जहानाबाद में की गई है जिसका दूरभाष संख्या 06114 223013 है। जिला पदाधिकारी ने शरारती और असामाजिक एवं सांप्रदायिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया ताकि किसी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव अथवा विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न ना हो। अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि लाउडस्पीकर अधिनियम एवं नॉइज पॉल्यूशन रूल्स के अंतर्गत 85db frequency के ऊपर किसी परिस्थिति में किसी भी ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।

पुलिस अधीक्षक श्री दीपक रंजन ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को ससमय अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होने का निर्देश दिया और साथ ही पूर्व से आसपास की घटनाओं और स्थिति से अवगत होने और पूजा और विसर्जन के दिन चौकन्ना रहने हेतु निर्देश दिया। असामाजिक/ अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उत्पाद अधीक्षक को निर्देश दिया गया कि सघन चेकिंग अभियान चलाकर ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के माध्यम से अवांछित तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी/सभी अंचल अधिकारी/ सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि अपने क्षेत्र अंतर्गत विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे।




