ब्यूरो रिपोर्ट :-
बेगूसराय में उद्घाटन से पहले ही गंडक नदी पर बना पुल का बीच का हिस्सा टूट कर गंडक नदी में गिर गया है। मुख्यमंत्री नाबार्ड योजना से बुढ़ी गंडक नदी पर बनाए गए पुल का बीच का हिस्सा टूटकर गंडक नदी में समा गया। आप तस्वीरों में देख सकते हैं कि पुल का बीच का पाया नंबर दो और तीन के बीच का हिस्सा पूरी तरह से टूट कर गंडक नदी में गिर गया है। दरअसल साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के आहोक गंडक घाट किनारे से आकृति टोला चौकी और बिशनपुर के बीच करीब 206 मीटर का पुल साढ़े 13 करोड़ की लागत से बना था, लेकिन पहुंच पथ के अभाव में इसकी शुरुआत नहीं हो पाई थी। निर्माण होने के बाद से उद्घाटन की राह देख रहा था, लेकिन उद्घाटन होने से पहले ही इसमें दरार आने लगी थी और अब बीच का हिस्सा पूरी तरह से टूट कर गंडक नदी में गिर गया है। इस पुल का निर्माण फरवरी 2016 में शुरू हुआ था और अगस्त 2017 में कार्य समाप्ति, जिसका बोर्ड भी लगा हुआ है, लेकिन पुल निर्माण के बावजूद पहुंच पथ के अभाव में इसका उद्घाटन नहीं हो पाया था।




