शराब मामले में बिहार में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा की होगी जांच

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

सिन्हा के एक रिश्तेदार के घर के पीछे से 108 कार्टून शराब जब्ती मामला

पटना : बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने शुक्रवार को राज्य सरकार से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा के एक करीबी रिश्तेदार के घर के आसपास से जब्त की गई भारी मात्रा में शराब की जांच करने के लिए कहा। यह मामला कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने सदन में उठाया था।
न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि मैंने एक मीडिया रिपोर्ट देखी, जिसमें कहा गया था कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के एक करीबी रिश्तेदार के घर के पीछे से 108 कार्टून शराब जब्त की गई है। मैंने इस मामले के बारे में सभापति के संज्ञान में लाया। लखीसराय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विजय सिन्हा, सारण में हुए जहरीली शराब कांड के विरोध में भाजपा के अन्य विधायकों के साथ वॉकआउट कर गए थे।
पिछले कुछ दिनों से विपक्ष के व्यवहार से खफा स्पीकर ने सत्ता पक्ष की ओर देखा और कहा कि मामले की जांच होनी चाहिए। संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी अपने आसन पर उठे और कहा कि सरकार को सदन में उठाए गए मामले की जांच के लिए अध्यक्ष की अनुमति की आवश्यकता है। अब जब अध्यक्ष ने इच्छा व्यक्त की है तो सरकार ऐसा करेगी।
स्तब्ध हूं, विजय सिन्हा को जवाब देना चाहिए: तेजस्वी
वहीं, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा कि सिन्हा के करीबी रिश्तेदार के घर के पीछे भारी मात्रा में शराब बरामदगी के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। मैं फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाना चाहता। लेकिन अगर रिपोर्ट आती है तो सिन्हा को जवाब देना चाहिए। राजद नेता ने कहा कि इसके अलावा, भाजपा बिहार में शराबबंदी के उल्लंघन को लेकर हंगामा कर रही है। उसे पता होना चाहिए कि मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बिहार में शराब की तस्करी की जा रही है, दोनों भाजपा शासित हैं।

Join us on:

Leave a Comment