रुपेश कुमार की रिपोर्ट :-
औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र के सनथुआ मोड़ के समीप एनएच 19 पर 5 दिसंबर की रात्रि ब्रेजा सवार अपराधियों ने धान लदी ट्रक के चालक और सह चालक के साथ हथियार के बल पर मारपीट करते हुए न सिर्फ 6 हजार रुपए की छिनतई की बल्कि धान लदे ट्रक को लूट कर फरार हो गए।लूट की जानकारी मिलते ही बारुण पुलिस की गस्ती दल ने पीछा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए अपराधियों से ट्रक चालकों से लूटे गए रुपए और धान लदी ट्रक को बरामद किया और लूट के वक्त प्रयुक्त ब्रेजा को भी जप्त कर अपराधियों को जेल भेज दिया था।लेकिन इस कांड में लिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी थी।शनिवार को औरंगाबाद की एएसपी स्वीटी सेहरावत ने समाहरणालय कक्ष स्थित अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर चार अन्य अपराधियों के गिरफ्तारी की पुष्टि की।कांड के संदर्भ में एएसपी ने बताया कि धान लदे ट्रक लूटकांड में अबतक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधी रोहतास के नोखा,बारुण के मोहम्मदगंज,शेख बिगहा एवं नरारी कला खुर्द के रहने वाले हैं।




