अश्विनी श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बांका(बिहार) :-
बांका : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी व बिक्री का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस लगातार ऐसे कारोबार का उद्भेदन भी कर रही है। रजौन थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के खिड्डी मोड़ के करीब एक अल्टो कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। हालांकि इस दौरान वाहन चालक अपने वाहन को छोड़कर भागने में सफल रहा। रजौन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार से भारी मात्रा में शराब भागलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। इसके बाद रजौन पुलिस अलर्ट मोड में आ गई, और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को देख वाहन चालक अपनी वाहन को खड़ी कर भाग निकला। इसी बीच जब कार की तलाशी ली गई तो कार से 129.6 लीटर रॉयल प्लेयर ब्रांड की शराब बरामद की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि 414 बोतल शराब बरामद किया गया है। पुलिस ने कार एवं शराब को जब्त कर लिया है।




