आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट :-
-भोजपुर जिले में लगातार हो रहे आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है।ताज़ा मामला जिले के संदेश थाना क्षेत्र के जनईडीह गांव के समीप मंगलवार की मध्य रात्रि हथियारबंद बदमाशों ने बर्थडे पार्टी से लौट रहे डांसर एवं गायक को गोली मार दी। गायक को दाहिने पैर में जांघ पर एवं डांसर को दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। जख्मी डांसर उड़ीसा के भुवनेश्वर निवासी नीनू बेहरा है। जबकि गायक पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी मुकेश यादव है। इधर, डांसर नीनू बेहरा ने बताया कि वह संदेश थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में पंचायत सदश्य के पुत्र के बर्थडे पार्टी समारोह में डांस करने एवं उनके साथी मुकेश यादव गाना गाने आए थे। इस दौरान गांव के ही कुछ लोग शराब के नशे में हाथ में हथियार लिए हुये स्टेज पर चढ़कर डांस कर रहे थे और बार-बार उसे नीचे बुला कर डांस करने के लिए कह रहे थे। जिसको लेकर उसने इसका विरोध भी किया था। हालांकि बात वही पर खत्म भी हो गई थी। इसके बाद दोनों बर्थडे पार्टी समारोह समाप्त होने के बाद वापस संदेश लौट रहे थे। उसी दौरान जनईडीह गांव के समीप हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया और कहा कि तुम लोग हमें जानते नहीं हो। जब उन्होंने कहा कि नहीं मैं नहीं जानता। तभी उन्होंने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें दोनों को गोली लग गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद वे लोग जहां बर्थडे पार्टी में आए थे, उन्हें फोन कर इस घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।फिलहाल घायलों के बयान पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।घटना के बारे में पुलिस ने कुछ भी कहने से इन्कार किया है।




