मुखिया पर आम सभा और ग्राम सभा नहीं कराने का वार्ड सदस्यों ने लगाया आरोप!

SHARE:

मधेपुरा से मानस चंद्र सेतु की रिपोर्ट

तुलसीबारी राजपुर मलिया पंचायत के मुखिया द्वारा आमसभा एवं ग्रामसभा नहीं कराने का वार्ड सदस्यों ने लगाया आरोप

मधेपुरा जिला के तुलसीबारी राजपुर मलिया पंचायत के मुखिया बीबी शैरा द्वारा आम सभा एवं ग्राम सभा नहीं करा कर मनमाने ढंग से निर्णय लेने का दर्जनों वार्ड सदस्यों ने आरोप लगाया है। उक्त पंचायत के वार्ड सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों को आवेदन देकर मुखिया के मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की है  । आवेदन में यह भी वर्णित है कि मुखिया-पति जलील हुसैन एवं मुखिया-पुत्र मोहम्मद इसराफिल उर्फ चुनचुन  द्वारा दबंगई दिखाकर वार्ड सदस्यों पर दबाव बनाया जाता है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से दस हजार रुपया वसूल कर लाओ तभी तुम्हारे वार्ड के आवास योजना के लाभुकों को लाभ मिल पाएगा । वार्ड सदस्यों में संतोषी कुमारी , राजू कुमार , लक्ष्मी कुमारी , सुमन कुमार , मोहम्मद अंजार आलम , बेचन महतो , बेबी कुमारी , उप मुखिया सूरज कुमार , सरिता कुमारी , सतीश कुमार , गुंजन देवी , रवीना खातून आदि ने आरोप लगाया है कि विगत 15 सितंबर 2022 को मुख्यमंत्री स्ट्रीट सोलर लाइट योजना के तहत पंचायत भवन में आमसभा कर लोगों को जानकारी देना था जिसे नहीं किया गया  जबकि विभाग द्वारा इस संदर्भ में मुखिया को पत्र भी दिया गया था । वार्ड सदस्यों ने बताया कि 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) के अवसर पर पंचायत में विशेष ग्रामसभा का आयोजन करना था जिसे नहीं किया गया । उप मुखिया समेत दर्जनों वार्ड सदस्यों ने मुखिया द्वारा किसी भी प्रकार की सूचना भी नहीं देने का आरोप लगाया है । मुखिया पति जलील हुसैन एवं मुखिया पुत्र मोहम्मद इसराफिल उर्फ चुनचुन पर जबरन योजना पंजी पर हस्ताक्षर करने के लिए दवाब देने का आरोप भी वार्ड सदस्यों ने लगाया है । 

Join us on:

Leave a Comment