लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले की जांच की आंच तेजस्वी तक!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार

डिप्टी सीएम के निजी सचिव संजय यादव को भी CBI का समन

पटना : लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तक जांच की आंच पहुंच गई है। CBI ने तेजस्वी यादव के निजी सचिव संजय कुमार यादव को भी समन किया है। अब इन्हें कभी भी CBI बुलाकर पूछताछ कर सकती है। इससे यह संभावना भी तेज हो गई है कि संजय कुमार यादव को भी इस मामले में CBI 17वां नामजद अभियुक्त बना सकती है। सूत्रों के मुताबिक, CBI संजय यादव से उनकी संपत्ति के अलावा तेजस्वी यादव के बारे में भी पूछताछ करेगी। बता दें कि CBI ने शुक्रवार को इस मामले में पहली चार्जशीट नयी दिल्ली स्थित विशेष न्यायालय में दायर कर दी है। इसमें तत्कालीन रेल मंत्री सह राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती, रेलवे की तत्कालीन जीएम सौम्या राघवन, रेलवे के तत्कालीन सीपीओ कमल दीप मैनरॉय समेत अन्य निजी व्यक्तियों को नामजद अभियुक्त बनाया है। अब चार्जशीट दायर करने के अगले दिन संजय कुमार यादव को समन जारी किया गया है। यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस मामले में कुछ अन्य लोग भी CBI की जांच की जद में आ सकती है और उनके खिलाफ भी समन जारी किया जा सकता है। गौरतलब है कि CBI ने अपनी चार्जशीट में जिन लोगों को आरोपी बनाया है उनमें से कुछ ऐसे भी हैं जिन्हें नौकरी दी गई थी। आरोपों के मुताबिक लालू यादव जब रेल मंत्री थे तो पहले लोगों को अस्थायी तौर पर नौकरी दी गई। ये नौकरियां रेलवे में बिना किसी विज्ञापन के दी गई थी। अस्थायी तौर पर नियुक्ति के बाद नौकरी लेने वालों से जमीन गिफ्ट करवाई जाती थी। ये जमीनें लालू फैमिली के सदस्यों के नाम पर करवाई जाती थी।

Join us on:

Leave a Comment