झारखंड : नए शिक्षकों का वेतनमान आधा और पुराने को पेंशन भी!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार!

राज्य में पुरानी पेंशन योजना लागू, शिक्षकों के साथ गड़बड़झाला

रांची : झारखंड में पुरानी पेंशन योजना लागू कर दी गई है। इससे राज्य सरकार के करीब 1.25 लाख कर्मचारी लाभान्वित तो होंगे, लेकिन 50 हजार शिक्षकों की नई नियुक्ति में वेतनमान घटा दिए गए हैं। एक तरफ जहां पुराना वेतनमान पा रहे शिक्षक पेंशन के भी हकदार हो जाएंगे, वहीं नए शिक्षकों को वेतन भी पुराने शिक्षकों से आधा मिलेगा।
अब एक ही स्कूल के शिक्षकों को तीन स्तर पर बांट दिया गया है। राज्य के प्रारंभिक स्कूलों में दो तरह के शिक्षक कार्यरत हैं। एक सहायक शिक्षक, जिन्हें पुराने वेतनमान 9300-34,800 का वेतनमान व 4200-4600 का ग्रेड पे मिलता है। वहीं, दूसरे सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) जिन्हें 16,500 से 22,500 रुपये हर माह मिल रहे हैं। अब प्रारंभिक स्कूलों की नई नियुक्ति प्रक्रिया में 50 हजार सहायक आचार्यों की नियुक्ति होनी है। इनकी नियुक्ति कम वेतनमान पर होगी। इन्हें 5200-20,200 का वेतनमान व 2400-2800 ग्रेड पे दिया जाएगा। इसमें इन्हें हर महीने 25,500 से 28,500 तक का वेतन मिलेगा।
वहीं, प्रारंभिक स्कूलों में सहायक आचार्यों की नियुक्ति के बाद अब एक ही प्रारंभिक स्कूल में पांच तरह के वेतन पाने वाले शिक्षक हो जाएंगे। एक को 16,500 रुपये, दूसरे को 22,500, तीसरे को 25,500, चौथे को 28,500 और पुराने शिक्षकों को 60 हजार से अधिक का वेतन मिल सकेगा।
अध्यापकों को भी समान काम के बदले समान वेतन मिले
इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एकीकृत सहायक अध्यापक मोर्चा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजय दूबे ने कहा कि पारा शिक्षक से नाम बदल कर सहायक अध्यापक कर दिया गया, लेकिन वेतनमान नहीं दिया गया। राज्य में पैसे की कमी बताई गई, लेकिन पुराने शिक्षकों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। पेंशन दिया जाए, लेकिन सहायक अध्यापकों को भी समान काम के बदले समान वेतन दिया जाए।
स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी?
वहीं, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा है कि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी। कम वेतनमान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति राज्य के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इसमें जो आएंगे, वे स्कूल में अन्य शिक्षकों के वेतन से लेकर काम की तुलना करेंगे, जिसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ेगा।

Join us on:

Leave a Comment