रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
खनन मामले में पटना के कोतवाली में शिकायत दर्ज
इंस्पेक्टर राजेंद्र के मुताबिक, अवैध बालू ओवर लोड पर ट्रक को जुर्माना करने पर मिली धमकी
पटना : बिहार में राजद विधायक रीतलाल यादव के भाई पर पुलिस इंस्पेक्टर को जान से मारने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में राजधानी पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला पटना के जिले के खनन विभाग का है। पीड़ित खनन विभाग के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अवैध बालू ओवर लोड ढोने के आरोप में एक ट्रक को फाइन किया था। इससे नाराज कुछ लोग खनन विभाग के कार्यालय पहुंच गए। जिला कार्यालय से नंबर लिया और वहीं से फोन पर जान से मारने की धमकी देने लगे। धमकी देने वालों ने खुद को राजद के बाहुबली विधायक रीतलाल का नाम लिया और कहा कि वो विधायक के भाई हैं। रीतलाल का नाम सुनते ही सभी डर गए। इसके बाद कोतवाली थाने में बीते मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई गई है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि कार्यालय में उपस्थित लिपिक एवं सहयोगी कर्मी और होमगार्ड के जवानों के साथ गाली-गलौज की गई। इसके अलावा जान से मारने की धमकी के साथ सरकारी गाड़ी पर हाईवा चढ़ाने की धमकी, रास्ते में गोली मारने और देख लेने तक की धमकी दी गई। यह भी कहा गया कि प्रशासन, थाना प्रभारी, आरक्षी अधीक्षक, समाहर्त्ता कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं। लिपिक द्वारा दिए गए कागजात को हाथ से छीनकर फाड़कर मुंह पर फेंक दिया गया।
कोई भी कानून से बच नहीं सकता : शक्ति यादव
इधर, इस मामले में राजद के प्रवक्ता शक्ति यादव कहा है कि कोई भी कानून से बच नहीं सकता है। चाहे कोई रसूखदार हो या फिर आम व्यक्ति, कहीं किसी को डरने की जरूरत नहीं है। जो भी गलत करेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।




