रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
नौकरी के बदले जमीन व IRCTC घोटाले में जांच एजेंसियों को सबूत जदयू अध्यक्ष ने ही दिए थे
पटना : पिछले माह तक पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनके छोटे पुत्र तेजस्वी यादव को घोटालेबाज बताने वाले जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह तेजस्वी और राजद नेताओं के ठिकानों पर सीबीआई की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। खासकर एक मॉल पर सीबीआई के रेड मामले में ललन सिंह तेजस्वी यादव के समर्थन में भाजपा से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांके तब दूसरे पर आरोप लगाए। ललन सिंह ने पीएम मोदी मोदी के भाषण का एक पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमें मोदी मनमोहन सिंह सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर नाराजगी जता रहे हैं।

अपने गिरेबान में झांकने वाली बात पर भाजपा के राज्यसभा सांसद और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ललन सिंह को चुनौती दी है कि उनमें हिम्मत है तो लालू यादव को निर्दोष घोषित करें। सुशील मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि अगर हिम्मत है तो ललन सिंह घोषणा करें कि लालू प्रसाद निर्दोष हैं और उनके विरुद्ध दिए गये सारे कागजात फर्जी हैं। उन्होंने लिखा है कि नौकरी के बदले जमीन लिखवाने के मामले में भी ललन सिंह ने जांच एजेंसियों का सहयोग किया। लेकिन, आज उन्हें सीबीआई बुरी लग रही है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को ललन सिंह के समर्थन पर सुशील मोदी ने कहा है कि जिस IRCTC घोटाले में तेजस्वी प्रसाद यादव पर चार्जशीट दाखिल है, उसके कागजात भी जांच एजेंसियों को ललन सिंह ने ही उपलब्ध कराए थे। अब वही ललन सिंह खुद तीन माह में बदल गए। इसलिए उन्हें दूसरों पर तंज कसने का क्या हक है?




