रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
विश्वास मत जीती नीतीश सरकार
भाजपा के वाक आउट के बीच बहुमत साबित
अटल-आडवाणी ने मुझे सम्मान दिया, उन्हें किनारे करने पर भाजपा से रिश्ते तोड़े थे : नीतीश
2024 का प्लान भी किया पेश, एकजुट विपक्ष ही पीएम मोदी को दे सकता है चुनौती
पटना : एनडीए से नाता तोड़कर राजद नीत महागठबंधन के साथ सरकार बनाने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को विधानसभा में भाजपा के वॉकआउट के बीच ध्वनिमत से बहुमत साबित किया। सरकार के आग्रह पर वोटिंग की प्रक्रिया शुरू कराई गई, जिस पर भाजपा विधायकों ने लौटकर विरोध जताया और दोबारा सदन से वॉकआउट कर गए। वोटिंग में सरकार के पक्ष में 160 वोट और विपक्ष में शून्य वोट पड़े। इससे पहले सदन में अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए छोड़कर महागठबंधन की सरकार बनाने को लेकर कहा कि वहां मेरा सम्मान नहीं था। विधानसभा में बोलते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी जैसे नेताओं ने मुझे सम्मान दिया था। मैंने भाजपा से ताल्लुक 2013 में तब खत्म किया, जब इन नेताओं को किनारे लगाया जाने लगा था। नीतीश कुमार ने अपने भाषण में पीएम नरेंद्र मोदी पर सीधे निशाना साधा। नीतीश कुमार ने कहा कि आज दिल्ली में लोग प्रचार-प्रसार में ही व्यस्त हैं। उन्होंने इस दौरान 2024 का प्लान भी पेश किया और कहा कि एकजुट विपक्ष ही पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती देगा।
पाला बदलने से नीतीश राजनीतिक साख खत्म : तारकिशोर
वहीं पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पाला बदलने से उनकी राजनीतिक साख खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं लेकिन शायद सीएम के तौर पर उनकी आखिरी पारी है। बिहार विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर बहस में बोलते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा को 2013 में पहली बार धोखा दिया और अब 2022 में फिर धोखा दिया है।




