जदयू के देवेश चंद्र ठाकुर होंगे बिहार विधान परिषद के अगले सभापित!

SHARE:

रिपोर्ट-अनमोल कुमार:-

कल पर्चा दाखिल करेंगे, सीएम नीतीश कुमार व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव रहेंगे मौजूद

पटना : जदयू के विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर बिहार विधान परिषद के अगले सभापित होंगे। बताया जा रहा है कि कल 24 अगस्त को वे नामांकन करेंगे। अभी भाजपा के अवधेश नारायण सिंह विधान परिषद के सभापति हैं। संख्या बल के हिसाब से सदन में जदयू सबसे बड़ा दल है। नामांकन के समय सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव मौजूद रहेंगे। देवेश चंद्र ठाकुर वर्ष 2002 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीते थे। 2004 में वे जदयू में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2008 में वे जदयू प्रत्याशी के रूप में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीते। उसी वर्ष वे नीतीश सरकार में आपदा प्रबंधन मंत्री बनाए गए। वर्ष 2014 में वे पुन: निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीते। पुन: 2020 में जदयू प्रत्याशी के रूप में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतकर आए। इस तरह विधान परिषद में यह उनका चौथा कार्यकाल है। जल संसाधन तथा सूचना व जनसंपर्क मंत्री संजय झा के बाद सत्ता में महत्वपूर्ण पद पाने वाले देवेश चंद्र ठाकुर जदयू से दूसरे ब्राह्मण चेहरा हैं। बता दें कि अभी भाजपा के अवधेश नारायण सिंह विधान परिषद के सभापति हैं। एनडीए सरकार में भाजपा के अवधेश नारायण सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। राज्य में इसी महीने तब सरकार बदल गई जब नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद से हाथ मिला लिया और राज्य में महागठबंधन की नई सरकार बन गई। कैबिनेट विस्तार के बाद से ही महत्वपूर्ण पदों को लेकर चर्चाएं चलने लगीं। अब बिहार विधान परिषद के सभापति का नाम साफ हो गया है। इसके बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाना बाकी है। इसको लेकर भी अभी कई तहर की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि राजद के राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी का नाम लगभग तय माना जा रहा है।

Join us on:

Leave a Comment